अटल टनल के पास दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन पुल की सरियों में जा फंसा वाहन, एक की मौत

लाहौल-स्पीति में अटल टनल नॉर्थ पोर्टल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
अटल टनल के पास दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन पुल की सरियों में जा फंसा वाहन, एक की मौत

डलहौज़ी हलचल | लाहौल-स्पीति

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के समीप बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जिला प्रशासन, राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

राजस्थान के युवक की गई जान

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, केलांग के अनुसार हादसे में कैलाश कुमार, पुत्र गोविंद राम, निवासी ग्राम मंडोता, जिला सीकर (राजस्थान) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

तीन घायलों का चल रहा उपचार

हादसे में राजेंद्र, पुत्र गोविंद, निवासी ग्राम मंडला, तहसील डोध, जिला सीकर (राजस्थान), आदित्य, पुत्र मंगल सिंह, निवासी पलिया कलां, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) तथा सिद्धार्थ सिंह शेखावत, पुत्र भब्बर सिंह, निवासी खाटू श्याम, जिला सीकर (राजस्थान) घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

निर्माणाधीन पुल की सरियों में फंसा वाहन

हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में वाहन निर्माणाधीन पुल के पिलर की लोहे की सरियों में बुरी तरह फंसा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

जिला प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

विज्ञापन