मानसून से पहले ऊना प्रशासन हाई अलर्ट पर! एसडीएम अभिषेक मित्तल बोले- हर विभाग रहे पूरी तरह तैयार

मानसून सीजन को लेकर ऊना में एसडीएम अभिषेक मित्तल ने समीक्षा बैठक की। सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहकर राहत, बचाव और जनसुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानसून से पहले ऊना प्रशासन हाई अलर्ट पर! एसडीएम अभिषेक मित्तल बोले- हर विभाग रहे पूरी तरह तैयार

डलहौज़ी हलचल | ऊना

मानसून सीजन को देखते हुए उपमंडल प्रशासन ऊना पूरी तरह सतर्क हो गया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) अभिषेक मित्तल ने मानसून तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहकर किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-धन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश

एसडीएम ने जलभराव, भूस्खलन तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खड्डों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को समय रहते सतर्क किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नालियों और जल निकासी तंत्र की नियमित सफाई पर जोर

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों को नालियों, पुलियों और जल निकासी तंत्र की नियमित सफाई, सिल्ट एवं मलबा हटाने तथा संवेदनशील सड़कों और भवनों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही सूखे एवं खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें समय रहते हटाने के लिए भी कहा।

राहत सामग्री और स्वास्थ्य सेवाएं रहें तैयार

बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तिरपाल, राशन, कंबल, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने पर बल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, एंटी-स्नेक वेनम का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए पेयजल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

बिजली और पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

विद्युत बोर्ड को मानसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा आपातकालीन मरम्मत दल सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। वहीं जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति और जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा नियंत्रण कक्ष

अभिषेक मित्तल ने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (EOC) चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देने की अपील करते हुए उन्होंने बताया कि सहायता एवं सूचना के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1077 तथा दूरभाष नंबर 01975-225049 पर संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में डीएसपी अजय ठाकुर, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार, बीएमओ मेहतपुर-बसदेहड़ा डॉ. राम पाल शर्मा सहित लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन