मुख्यमंत्री सुक्खू के फैसले से विद्यार्थियों को बड़ी राहत, राम लाल ठाकुर बोले—घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा
डलहौज़ी हलचल | शिमला
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम लाल ठाकुर ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर जिला बिलासपुर के राजकीय महाविद्यालय नैना देवी जी में वाणिज्य संकाय तथा राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों की बहाली पर उनका आभार व्यक्त किया।
विद्यार्थियों को घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा
राम लाल ठाकुर ने कहा कि इन संकायों की बहाली से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को उनके घर-द्वार के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है और इसी दिशा में लगातार व्यावहारिक एवं दूरदर्शी कदम उठाए जा रहे हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की रैंकिंग में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के मामले में देश में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की रैंकिंग 21वें स्थान तक पहुंच गई थी, जबकि वर्तमान सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
