शाहपुर के पुहाड़ा पुल के नीचे व्यक्ति का शव मिलने पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने जताया शोक, निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
डलहौज़ी हलचल | धर्मशाला
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रेहलू निवासी 45 वर्षीय पवन कुमार का शव पुहाड़ा पुल के नीचे मिलने की घटना पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में परिवर्तन कर तुरंत घटनास्थल का दौरा किया तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
परिजनों को बंधाया ढांढस
विधायक केवल सिंह पठानिया ने दिवंगत पवन कुमार के परिजनों को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगा।
निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
मौके से ही विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों से संपर्क कर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और फॉरेंसिक टीम के सहयोग से आवश्यक जांच प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
प्रारंभिक जानकारी में क्या आया सामने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पवन कुमार किसी कार्य से चंबा गए हुए थे और वापसी के दौरान चंबा-शिमला बस से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें शाहपुर में उतरना था, लेकिन वे पुहाड़ा में उतर गए। रातभर घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और अगले दिन सुबह उनका शव पुहाड़ा पुल के नीचे बरामद हुआ।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
