पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में राजभाषा हिंदी कार्यशाला आयोजित, हिंदी के प्रभावी प्रयोग पर दिया गया जोर
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में राजभाषा हिंदी कार्यशाला का आयोजन
डलहौज़ी हलचल | बकलोह
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में मंगलवार को राजभाषा हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा संबंधी नियमों और प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
राजभाषा अधिनियम और पत्राचार व्यवस्था पर हुई चर्चा
कार्यशाला के दौरान राजभाषा अधिनियम, क्षेत्रवार पत्राचार व्यवस्था, संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण तथा हिंदी के संवर्धन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी कार्मिकों को कार्यालयी कार्य शत-प्रतिशत हिंदी में संपादित करने के लिए प्रेरित किया गया।
यूनिकोड टंकण और ई-कार्यालय में हिंदी प्रयोग की दी जानकारी
कार्यक्रम में स्नातकोत्तर शिक्षक (हिंदी) ओमप्रकाश ने प्रतिभागियों को राजभाषा संबंधी विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने यूनिकोड में हिंदी टंकण, ई-ऑफिस में हिंदी के प्रयोग तथा सरकारी पत्राचार से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में हिंदी के प्रभावी उपयोग के लिए यूनिकोड आधारित टंकण और ई-कार्यालय प्रणाली में हिंदी का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है।
हिंदी देश की सांस्कृतिक एकता का सशक्त माध्यम : प्राचार्य
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार ने समस्त स्टाफ सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक एकता और प्रशासनिक सुगमता का भी सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से राजभाषा संबंधी नियमों का पूर्ण पालन करने तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उसके प्रभावी उपयोग में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास
कार्यशाला के माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी भाषा के प्रशासनिक और तकनीकी उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। प्रतिभागियों ने भी कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
