बनीखेत में विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में निकली जागरूकता रैली

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के तहत शपथ, पोस्टर, निबंध, भाषण प्रतियोगिताएं और जागरूकता रैली आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
बनीखेत में विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में निकली जागरूकता रैली

डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में 17 जून से 26 जून 2026 तक ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

सप्ताहभर आयोजित हुईं रचनात्मक प्रतियोगिताएं

अभियान के दौरान विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रतिदिन नशामुक्ति का संदेश दिया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए शपथ ग्रहण, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, चित्रकला, निबंध लेखन तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समाज में नशामुक्ति का संदेश भी प्रसारित किया।

जागरूकता रैली से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

अभियान के अंतिम दिन विद्यालय परिसर से नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत” तथा “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को नशामुक्ति का संदेश दिया।

प्राचार्या ने किया जागरूक रहने का आह्वान

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सकारात्मक सोच और जागरूकता से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

विज्ञापन