मिंजर महोत्सव 2026 में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू को मिला न्योता, विधायक नीरज नैय्यर ने की शिष्टाचार भेंट
डलहौज़ी हलचल | चंबा
चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैय्यर ने शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मिंजर महोत्सव-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
26 जुलाई से 2 अगस्त तक होगा मिंजर महोत्सव
भेंट के दौरान विधायक नीरज नैय्यर ने मुख्यमंत्री को बताया कि चंबा का ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाला अंतरराष्ट्रीय मिंजर महोत्सव इस वर्ष 26 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रतिष्ठित आयोजन में भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया।
उपायुक्त चंबा भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान महोत्सव के सफल आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय मिंजर महोत्सव हिमाचल प्रदेश के सबसे प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु, पर्यटक और कलाकार भाग लेते हैं। इस वर्ष भी महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
