मंडी में 19 जुलाई को होगी UPSC CAPF (ACs) परीक्षा 2026, 402 अभ्यर्थी होंगे शामिल
डलहौज़ी हलचल | मंडी
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF-ACs) परीक्षा 2026 का आयोजन 19 जुलाई (रविवार) को जिला मुख्यालय मंडी में किया जाएगा। परीक्षा दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें कुल 402 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
दो केंद्रों पर होगी परीक्षा
अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने बताया कि परीक्षा निम्नलिखित दो केंद्रों पर आयोजित की जाएगी—
- पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, मंडी (उप केंद्र-001)
- राजकीय वल्लभ कॉलेज, मंडी (उप केंद्र-002)
दो सत्रों में आयोजित होगी परीक्षा
उन्होंने बताया कि परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी—
- प्रथम सत्र: प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक
- द्वितीय सत्र: दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
30 मिनट पहले बंद हो जाएंगे परीक्षा केंद्र के गेट
प्रियांशु खाती ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
ये दस्तावेज और सामान साथ लाना होगा अनिवार्य
परीक्षार्थियों को अपने साथ निम्नलिखित वस्तुएं लानी होंगी—
- ई-एडमिट कार्ड (अनिवार्य)
- एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि)
- पेन
- पारदर्शी पानी की बोतल
- साधारण (एनालॉग) कलाई घड़ी
स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट वॉच अथवा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक घड़ी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। बिना ई-एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
