मंडी नगर निगम को मिली नई नेतृत्व टीम, सुमन ठाकुर महापौर और जितेंद्र शर्मा उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित

मंडी नगर निगम में सुमन ठाकुर महापौर और जितेंद्र शर्मा उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित हुए। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सभी 14 पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मंडी नगर निगम को मिली नई नेतृत्व टीम, सुमन ठाकुर महापौर और जितेंद्र शर्मा उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित

डलहौज़ी हलचल | मंडी

मंडी नगर निगम के महापौर (मेयर) और उप महापौर (डिप्टी मेयर) पदों के लिए सोमवार को नगर निगम कार्यालय स्थित सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सुमन ठाकुर को महापौर तथा जितेंद्र शर्मा को उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता उपायुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी अपूर्व देवगन ने की। इससे पहले उन्होंने नगर निगम के सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में सभी निर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे।

एक-एक नामांकन होने से निर्विरोध हुआ निर्वाचन

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार महापौर पद के लिए वार्ड नंबर-9 (पैलेस-दो) से सुमन ठाकुर तथा उप महापौर पद के लिए वार्ड नंबर-11 (समखेतर) से जितेंद्र शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। दोनों पदों के लिए अन्य कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ, जिसके बाद दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर और सभी पार्षदों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि नगर निगम मंडी जनहित, पारदर्शिता और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक का संचालन नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने किया। इस अवसर पर सदर के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, नगर निगम के सहायक आयुक्त विजय कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन