राजीव गांधी तकनीकी शिक्षण संस्थान पुखरी में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के मार्गदर्शन तथा मादक द्रव्य दुरुपयोग के विरुद्ध चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा द्वारा नगर पंचायत बनीखेत के अंतर्गत राजीव गांधी तकनीकी शिक्षण संस्थान, पुखरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
विद्यार्थियों को दी निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी
शिविर में अधिवक्ता नवीन ठाकुर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कारणों से न्याय से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
मानसिक विकलांगता वाले व्यक्तियों के अधिकारों पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मानसिक विकलांगता (बौद्धिक अक्षमता) से ग्रसित व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता एवं उनके अधिकारों के संबंध में भी विशेष जानकारी साझा की गई। वक्ताओं ने बताया कि ऐसे व्यक्तियों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष प्रावधान किए गए हैं।
संस्थान प्रबंधन ने जताया आभार
संस्थान के प्राचार्य दीपक अंगारा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानूनी जानकारी बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं।
इस अवसर पर पीएलवी मुकेश कुमार, शिक्षक अमित अत्री सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।
