गांव खुगन में मुफ्त हेल्थ कैंप, ब्लड और शुगर टेस्ट के साथ लोगों को मिली स्वास्थ्य संबंधी अहम जानकारी
डलहौज़ी हलचल | बिलासपुर
ग्राम पंचायत पलासला के अंतर्गत आने वाले खुगन गांव में आयुर्वेदिक आरोग्य मंदिर कपाहड़ा के सौजन्य से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता ग्राम पंचायत पलासला के उपप्रधान अभिषेक शर्मा ने की।
ब्लड और शुगर टेस्ट के साथ दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
शिविर में डॉक्टर मनीषा ठाकुर ने ग्रामीणों के ब्लड टेस्ट एवं शुगर टेस्ट किए तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी और आवश्यक परामर्श प्रदान किया। उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

लगभग 40 लोगों ने उठाया शिविर का लाभ
स्वास्थ्य शिविर में लगभग 40 स्थानीय लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एपीओ वंदना शर्मा, खुगन वार्ड सदस्य मोनिका सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
