डॉ. राजीव बिंदल का सोलन में कांग्रेस पर बड़ा हमला: “कांग्रेस की गारंटियां नहीं, यह जनता के साथ खुला धोखा है”
डलहौज़ी हलचल (सोलन, 5 मई 2026) : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज सोलन में एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार और सोलन नगर निगम (MC Solan) के कामकाज पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जनता को जो ‘गारंटियां’ दी थीं, वे सत्ता में आते ही ‘ठगी’ में बदल गई हैं।
सोलन में पानी का संकट और ‘मुफ्त पानी’ का सच
डॉ. बिंदल ने कहा कि नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने मुफ्त पानी का वादा किया था, लेकिन हकीकत इसके उलट है।
“सोलन की जनता को मुफ्त पानी तो दूर, कई इलाकों में 14-14 दिनों तक बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ा। लोगों को मजबूरी में टैंकर खरीदने पड़े और ऊपर से नगर निगम ने हजारों रुपये के पानी के बिल थमा दिए।”
कूड़ा शुल्क और हाउस टैक्स से त्रस्त जनता
बिंदल ने नगर निगम पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा:
-
कूड़ा शुल्क: वादा किया था कि कूड़ा शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन अब कई गुना बढ़ाकर वसूला जा रहा है।
-
हाउस टैक्स: सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, लेकिन हाउस टैक्स में भारी वृद्धि कर जनता पर बोझ डाला गया है।
-
आंतरिक कलह: कांग्रेस की कॉरपोरेशन जनहित के बजाय अपने आपसी झगड़ों में ही उलझी रही।
प्रदेश सरकार की ‘विफल’ गारंटियों पर घेरा
डॉ. बिंदल ने सोलन के वार्ड नंबर 12 में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका अग्रवाल के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए प्रदेश सरकार को भी निशाने पर लिया:
-
₹1500 की गारंटी: “42 महीने बीत गए, लेकिन प्रदेश की 28 लाख बहनों को आज तक ₹1500 नहीं मिले।”
-
युवाओं को नौकरी: “1 लाख सरकारी नौकरियों का वादा हवा हो गया, युवा आज खुद को ठगा महसूस कर रहा है।”
-
विकास का अभाव: “जब मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि विकास के लिए पैसा नहीं है, तो जनता कांग्रेस को वोट क्यों दे?”
“हिमाचल में भी होगा बदलाव”
डॉ. बिंदल ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत का हवाला देते हुए कहा कि देश में भाजपा की लहर है। उन्होंने दावा किया कि सोलन नगर निगम में भाजपा की शानदार जीत होगी और आने वाले समय में प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनना तय है।
