मुख्यमंत्री सुक्खू से मिला दून का प्रतिनिधिमंडल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दून विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर संतुलित विकास का भरोसा दिया। बद्दी में 100 बिस्तर अस्पताल, SDM कार्यालय और CBSE स्कूलों सहित कई योजनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सुक्खू से मिला दून का प्रतिनिधिमंडल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं

डलहौज़ी हलचल | शिमला

सोलन जिले के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से शिमला में भेंट कर क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक मांगों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।

सभी क्षेत्रों के समान विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सरकार इन दोनों क्षेत्रों में व्यापक एवं परिवर्तनकारी सुधार लागू कर रही है।

दून क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू

मुख्यमंत्री ने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। इनमें—

  • बद्दी में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय की स्थापना
  • 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण
  • लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंडल की स्थापना

जैसी योजनाएं शामिल हैं, जिनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

सरकारी स्कूलों में लागू हो रहा CBSE पाठ्यक्रम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू कर रही है। दून विधानसभा क्षेत्र के तीन सरकारी विद्यालयों में पहले ही सीबीएसई पैटर्न लागू किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों की तुलना में कम खर्च पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। इन विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है और अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।

विधायक राम कुमार ने जताया आभार

विधायक राम कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से दून विधानसभा क्षेत्र में सात नए सरकारी कार्यालय खोले गए हैं तथा क्षेत्र के लिए की गई अधिकांश घोषणाओं को धरातल पर उतारा गया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण, सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। साथ ही मुख्यमंत्री को दून विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए भी आमंत्रित किया।

विज्ञापन