बनीखेत में संत निरंकारी सत्संग आयोजित, केंद्रीय ज्ञान प्रचारक गुरुदेव सिंह काकौवाल ने दिया मानवता और ईश्वर अनुभूति का संदेश
डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)
बनीखेत स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में रविवार को आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रचार टूर कार्यक्रम के तहत पहुंचे केंद्रीय ज्ञान प्रचारक महात्मा गुरुदेव सिंह काकौवाल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मानव जीवन के उद्देश्य, ईश्वर अनुभूति और वैश्विक भाईचारे का संदेश दिया।
मनुष्य जीवन का लक्ष्य है परमात्मा की प्राप्ति
अपने प्रवचनों में महात्मा गुरुदेव सिंह ने कहा कि मनुष्य जन्म का मुख्य उद्देश्य निराकार परमात्मा की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की अनुभूति के माध्यम से ही वैश्विक भाईचारे की स्थापना संभव है तथा संपूर्ण मानव जाति के कल्याण, विश्व शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जीवन का सफर तो तय कर रहा है, लेकिन जब तक उसे अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य का ज्ञान नहीं होता, तब तक उसकी यात्रा अधूरी रहती है। यह ज्ञान केवल सतगुरु की शरण में प्राप्त ब्रह्मज्ञान से ही संभव है, जो आत्मा को परमात्मा से जोड़कर जीवन का वास्तविक मार्ग दिखाता है।

निराकार प्रभु का अनुभव ही सच्ची आध्यात्मिकता
महात्मा गुरुदेव सिंह ने कहा कि निराकार परमात्मा कण-कण में विद्यमान है और उसका अनुभव कर सहज, प्रेमपूर्ण तथा सद्भावना से परिपूर्ण जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से ईश्वर के एहसास में रहकर मानवता, प्रेम और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
शाखा प्रबंधक सहित श्रद्धालु रहे उपस्थित
सत्संग कार्यक्रम में संत निरंकारी मिशन की बनीखेत शाखा के शाखा प्रबंधक महात्मा एच. एस. गुलेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक सत्संग का लाभ उठाया।
