आषाढ़ नाग मेले के समापन समारोह में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, बोले- हमारी संस्कृति और आस्था की पहचान है यह मेला
डलहौज़ी हलचल | बनीखेत (चंबा)
जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले के समापन समारोह में बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं भटियात के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आषाढ़ नाग मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है।

भूरू नाग मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता का किया उल्लेख
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भूरू नाग मंदिर क्षेत्र का ऐतिहासिक एवं लोकआस्था से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां आयोजित होने वाले आषाढ़ नाग मेले का विशेष महत्व है, जो वर्षों से क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि एवं वीरभूमि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक कला, संस्कृति और परंपराएं आज राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की विशिष्ट पहचान स्थापित कर रही हैं। ऐसे मेले और उत्सव सामाजिक सद्भाव, भाईचारे तथा सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना
समापन समारोह से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भूरू नाग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
इस अवसर पर एसडीएम डलहौजी एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष को हिमाचली शॉल, टोपी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव कौशल, डीएसपी मयंक शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, जल शक्ति विभाग के राजेश मोगरा, तहसीलदार रमेश चौहान, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर, अतुल शर्मा, देवेंद्र राणा, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

