चंबा में 26 जून को निकलेगी एंटी चिट्टा रैली, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दिखाएंगे हरी झंडी
डलहौज़ी हलचल | चंबा
प्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत 26 जून को जिला मुख्यालय चंबा में एंटी चिट्टा रैली का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
बचत भवन में होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम
जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे बचत भवन चंबा में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष उपस्थित प्रतिभागियों को नशा न करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाएंगे।
युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया जाएगा संदेश
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली के माध्यम से युवाओं सहित आमजन को चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान का हिस्सा
यह आयोजन प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूत करना है।
