मंडी में नशे के खिलाफ दौड़े 200 युवा, शाढ़नू मेले में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन से गूंजा जागरूकता का संदेश

मंडी के नसलोह में शाढ़नू मेले के दौरान एंटी चिट्टा मिनी मैराथन आयोजित हुई। 200 प्रतिभागियों ने दौड़कर चिट्टामुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी का संदेश दिया।
मंडी में नशे के खिलाफ दौड़े 200 युवा, शाढ़नू मेले में एंटी चिट्टा मिनी मैराथन से गूंजा जागरूकता का संदेश

डलहौज़ी हलचल | मंडी

प्रदेश सरकार की पहल पर जिला प्रशासन मंडी द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत नसलोह में शाढ़नू मेले के अवसर पर ‘एंटी चिट्टा मिनी मैराथन’ का आयोजन किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिता के माध्यम से ‘चिट्टामुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी’ का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

200 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ लगाई दौड़

एंटी चिट्टा मिनी मैराथन में कुल 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इनमें 150 पुरुष और 50 महिला प्रतिभागी शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने हाल ही में मंडी के पड्डल मैदान में एंटी चिट्टा सेवन-ए-साइड फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया था। इसी अभियान को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने की कड़ी में अब शाढ़नू मेले के दौरान मिनी मैराथन आयोजित कर युवाओं को खेलों से जुड़ने और हर प्रकार के नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

‘चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें’ बने जनआंदोलन: अपूर्व देवगन

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘चिट्टा को कहें ना, जीवन को चुनें’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक सशक्त जनआंदोलन है। ऐसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने और ‘चिट्टामुक्त हिमाचल-नशामुक्त मंडी’ के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे जैसी घातक प्रवृत्ति के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और युवाओं से अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को नशामुक्त रखने के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सार्वजनिक और निजी स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

अंडर-16 वर्ग में कार्तिक और रविवा ने मारी बाजी

एंटी चिट्टा मिनी मैराथन के अंडर-16 पुरुष वर्ग में कार्तिक कत्याल ने प्रथम, मोहित ने द्वितीय और रोहित ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अंडर-16 महिला वर्ग में रविवा शर्मा प्रथम, सिमरन द्वितीय और जाह्नवी तृतीय स्थान पर रहीं।

16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में जतिन और पलक प्रथम

16 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में जतिन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि तिलक राज द्वितीय और शशि ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे।

वहीं महिला वर्ग में पलक ने प्रथम, गीतांजलि ने द्वितीय और सोनिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

ग्राम पंचायत और राष्ट्रीय धावक चमन लाल का रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय ग्राम पंचायत और राष्ट्रीय धावक चमन लाल का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत नसलोह की प्रधान मथरा देवी, उपप्रधान यादव लाल ठाकुर, राष्ट्रीय धावक चमन लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन